
इस्लामाबाद : पिछले सप्ताह यहां हुई घातक विमान दुर्घटना के बाद पाकिस्तान विमानन प्राधिकरण ने सोमवार को देश की निजी कम्पनियों द्वारा संचालित सभी यात्री विमानों की जांच का आदेश दिया है। इन विमानों की हवाई उड़ान सम्बंधी क्षमता जांची जाएगी।
रक्षा मंत्री चौधरी अहमद मुख्तार ने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी निजी विमान को उड़ान की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने एयरलाइंस को तीन से चार महीने के अंदर अपने विमानों के लिए फिटनेस प्रमाणपत्र हासिल करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में बीते शुक्रवार को हुए विमान हादसे में 127 लोग मारे गए थे। इसके बाद रविवार को भी एक यात्री विमान के जमीन पर उतरने से पहले उसके दो टायर फट गए थे लेकिन पायलट ने उसे सावधानीपूर्वक नीचे उतार लिया था।समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक एक अन्य घटना में लाहौर में एक विमान से तेल लीक होने का मामला सामने आया था।
इन घटनाओं के बाद अधिकारियों ने निजी कम्पनियों के स्वामित्व वाले सभी यात्री विमानों की जांच के आदेश दिए।कराची से उड़ान भरने वाला भोजा एयलाइंस का एक विमान शुक्रवार को बेनजरी भुट्टो अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से करीब 10 किलोमीटर दूर एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में विमान में सवार सभी 127 लोग मारे गए थे।