रायपुर : छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने शनिवार को सुकमा जिले के जिलाधिकारी एलेक्स पॉल मेनन का अपहरण कर लिया। जिलाधिकारी के दो अंगरक्षकों ने जब इसका विरोध करने की कोशिश की तो नक्सलियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2006 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी मेनन को नक्सलियों ने राजधानी रायपुर से करीब 500 किलोमीटर दक्षिण एक सुदूर इलाके में आयोजित सरकारी कार्यक्रम से अगवा किया।
एक अधिकारी ने बताया कि समारोह में सादे कपड़ों में मौजूद नक्सली शाम करीब 4.45 बजे जिलाधिकारी के समीप पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले जाने की कोशिश की। मेनन के दो अंगरक्षकों ने जब इसका विरोध किया तो नक्सलियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि नक्सली जिलाधिकारी को जंगल में ले गए। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अनिल एम. नवाने ने जिलाधिकारी के अपहरण पर एक आपात बैठक बुलाई है।
Tags :अपहरण , छत्तीसगढ़ , जिलाधिकारी , अंगरक्षकों,