
नई दिल्ली : घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या जनवरी से मार्च 2012 की अवधि में 6.55 फीसदी बढ़कर 152.69 लाख दर्ज की गई। पिछले साल की समान अवधि के लिए यह संख्या 143.31 लाख थी।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले महीने यात्रियों की संख्या 1.12 फीसदी वृद्धि के साथ 48.74 लाख रही, जो 2011 की समान अवधि में 48.2 लाख थी।
आलोच्य अवधि में घरेलू विमानन कम्पनियों में सर्वाधिक बाजार हिस्सेदारी जेट एयरवेज और किफायती विमानन कम्पनी इंडिगो की रही। दोनों में से प्रत्येक की बाजार हिस्सेदारी 21.9 फीसदी रही।
इसके बाद एयर इंडिया की हिस्सेदारी 17.9 फीसदी रही। स्पाइसजेट की हिस्सेदारी 17.1 फीसदी और गोएयर की 7.5 फीसदी रही।आलोच्य अवधि में किफायती विमानन सेवा कम्पनी जेटलाइट की बाजार हिस्सेदारी 7.3 फीसदी और नकदी संकट से गुजर रही विमानन कम्पनी किंगफिशर एयरलाइंस की हिस्सेदारी 6.4 फीसदी रही।
अंतर्राष्ट्रीय विमान परिवहन संगठन (आईएटीए) ने अपनी एक रिपोर्ट में पहले कहा था कि वित्तीय समस्या के बाद भी भारतीय विमानन क्षेत्र का विकास फरवरी में 12.3 फीसदी रहा, जो दुनिया के किसी भी दूसरे घरेलू बाजारों में दूसरा सबसे तेज विकास है।