
मुम्बई : देश की विमानन कम्पनियों के शेयरों में बुधवार को इस उम्मीद में तेज वृद्धि दर्ज की गई कि सरकार इस सप्ताह इस क्षेत्र में 49 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति दे दगी, जिसके बाद विदेशी विमानन कम्पनियां घरेलू विमानन कम्पनियों में हिस्सेदारी बढ़ा सकेंगी।
जानकार सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल गुरुवार को इस पर विचार करेगा।केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने क्षेत्र में 49 फीसदी एफडीआई का प्रस्ताव रखा है। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर वित्तीय संकट से जूझ रही विमानन कम्पनियां विदेशी विमानन कम्पनियों से साझेदारी कर पूंजी जुटा सकती हैं।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज में विजय माल्या की कम्पनी किंगफिशर एयरलाइंस के शेयर बुधवार को 6.43 फीसदी तेजी के साथ 19.85 रुपये पर बंद हुए। प्रस्ताव स्वीकार होने का सबसे अधिक फायदा किंगफिशर को ही होने की सम्भावना है।
अन्य विमानन कम्पनी स्पाइसजेट के शेयर बीएसई में 5.45 फीसदी तेजी के साथ 29 रुपये पर बंद हुए। जेट एयरवेज के शेयर 5.26 फीसदी तेजी के साथ 358.50 रुपये पर बंद हुए।