
नई दिल्ली : भारत ने बुधवार को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज प्रक्षेपास्त्र की आधुनिकतम किस्म का परीक्षण किया। परीक्षण ओडिशा के बालासोर तट के पास एकीकृत परीक्षण क्षेत्र (आईटीआर) में किया गया। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा यहां जारी बयान में ब्रह्मोस एरोस्पेस के प्रमुख डॉ. ए. शिवदानु पिल्लई ने इसे टेक्स्ट बुक लांच कहा।
उन्होंने साथ ही कहा कि इसमें 100 फीसदी सफलता मिली। परीक्षण सुबह 11.30 बजे किया गया।भारतीय सेना को इस प्रक्षेपास्त्र से अधिक दूरी तक सटीक तरीके से मार करने की क्षमता हासिल होगी।बयान के मुताबिक प्रक्षेपास्त्र ने मैच 2.8 यानी ध्वनि की रफ्तार से तीन गुना अधिक रफ्तार के साथ 290 किलोमीटर दूर निशाने को भेदा।
प्रक्षेपास्त्र को पूरी तरह हैदराबाद के ब्रह्मोस इंटिग्रेटेड परिसर में जोड़कर तैयार किया गया।परीक्षण को सेना तथा अनुसंधान इकाइयों के कई बड़े अधिकारियों ने देखा।जमीन से जमीन पर मार करने वाले इस प्रक्षेपास्त्र को पहले ही थल सेना और नौसेना में तैनात कर लिया गया है।