भुवनेश्वर : शत्रु की मिसाइलों के विरुद्ध रक्षा कवच तैयार करने की कोशिश के तहत शुक्रवार को ओडिशा स्थित रक्षा ठिकाने से एक बैलिस्टिक इंटरसेप्टर मिसाइल का परीक्षण किया गया। यह परीक्षण पूरी तरह सफल रहा। यह जानकारी एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने दी। स्वदेशी तकनीक से निर्मित अत्याधुनिक हवाई रक्षा इंटरसेप्टर मिसाइल को यहां से लगभग 170 किलोमीटर दूर भद्रक जिले में धामरा के पास व्हीलर द्वीप से दागा गया। इंटरसेप्टर मिसाइल ने व्हीलर द्वीप से लगभग 70 किलोमीटर दूर बालासोर जिले के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण केंद्र से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। यह बैलिस्टिक मिसाइल, पृथ्वी मिसाइल को रूपांतरित कर बनाई गई थी। परीक्षण केंद्र के निदेशक एस.पी. दाश ने आईएएनएस से कहा, "इंटरसेप्टर मिसाइल ने सीधे लक्ष्य को निशाना बनाया और उसे नष्ट कर दिया।" इंटरसेप्टर मिसाइल, लक्ष्य मिसाइल के दागे जाने के चंद मिनट बाद दागी गई थी। इंटरसेप्टर ने लक्ष्य मिसाइल को 15 किलोमीटर की ऊंचाई पर नष्ट किया। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि हैदराबाद से 1,000 किलोमीटर से भी अधिक दूरी पर स्थित मिशन नियंत्रण केंद्र को बिल्कुल सही समय पर बहु हथियार प्रणाली राडार्स के जरिए आंकड़े प्राप्त हुए। बयान में कहा गया है कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन का यह मिशन नियंत्रण केंद्र दुनिया में सबसे आधुनिक, स्वचालित नेट केंद्रित कमान एवं नियंत्रण प्रणाली है।
Tags :कवच , मिसाइल , इंटरसेप्टर , परीक्षण,