ग्वाटेमाला सिटी : ग्वाटेमाला सिटी में 25 साल पहले 1960-1996 गृहयुद्ध के दौरान तितर-बितर हुआ एक परिवार बुधवार को फिर से एक हो गया। 'द म्यूचूअल सपोर्ट ग्रुप' व जीएएम ने अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस सोसाइटी की मदद से एंटोनियो मोरालेस बारटोलेम और उसकी पत्नी फ्रांसिस्का को उनके माता-पिता और बेटी से मिला दिया। वर्ष 1987 में गृह युद्ध के दौरान परिवार के सदस्य एक दूसरे से बिछड़ गए थे। जीएएम के एनरिक बारेरा ने कहा कि एंटोनियो के माता-पिता और बेटी का पता लगाने में आठ महीनों का वक्त लगा। अपने परिवार से मिलने के बाद एंटोनियो ने कहा, "यह प्रसन्नता की बात है कि उन्होंने मेरे मां-बाप और मेरी बेटी को ढूंढ़ लिया। अपने परिवार को वापस पाना मेरे लिए खुशी की बात है।" समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार जिस वक्त सेना ने उत्तर पश्चिमी ग्वाटेमाला सिटी के ह्यूईह्यूईटेनेंगो प्रांत में समुदाय पर कब्जा किया, तब उसका परिवार कासाका प्लेटानेर में रहता था। बारेरा ने बताया, "एंटोनियो और उसकी पत्नी किराने का सामान खरीदने के लिए दूसरे शहर में गए हुए थे और जब वे अपने समुदाय में वापस पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सेना लोगों को गिरफ्तार कर रही है। उन्होंने सोचा कि उनके माता-पिता और बेटी को सेना ने गिरफ्तार कर लिया, इसके बाद उन्होंने मेक्सिको से पलायन करने का निर्णय कर लिया।" एंटोनियो और फ्रांसिसका ने मेक्सिको के चिएपेस शहर में एक शिविर में शरण ली। सरकार और लड़ाकों के बीच शांति समझौते के बाद दोनों 29 दिसम्बर 1996 में ग्वाटेमाला लौट आए।
Tags :ग्वाटेमाला , परिवार , बिछड़ा , गृहयुद्ध,