
बेंगलुरू : कर्नाटक में हजारों मुसलमानों ने सोमवार को हर्ष एवं धार्मिक उल्लास के साथ सोमवार को ईद का त्योहार मनाया। इस बीच बेंगलुरू और अन्य शहरों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।राज्य के पुलिस महानिदेशक लालरोखुमा पचाऊ ने यहां आईएएनएस से कहा, "पूरे शहर में शांतिपूर्ण तरीके से ईद का त्योहार मनाया जा रहा है।
राज्यभर में स्थिति सामान्य है। हम सतर्क हैं और संवेदनशील इलाकों में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।"बेंगलुरू में सैकड़ों मुसलमानों ने मस्जिदों में नमाज अदा की। कामराजपेट, शिवाजीनगर और शहर के मध्य स्थित छावनी केंद्र के पास स्थित ईदगाह मैदानों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था।
हमले की अफवाह के बाद 15 से 17 अगस्त तक विशेष रेलगाडियों से पूर्वोत्तर के 30,000 लोगों के गुवाहाटी पलायन करने के बाद लगभग 20,000 पुलिसकर्मियों को शहर भर में तैनात किया गया है।राज्य के राज्यपाल एच.आर. भारद्वाज और मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने ईद पर मुसलमानों को बधाई दी है। अन्य समुदायों के लोगों ने भी मुस्लिमों के साथ बधाइयों का आदान-प्रदान किया।