
पणजी : गोवा पुलिस ने ऐसे एमएमएस फैलाने के खिलाफ शनिवार को चेतावनी जारी की, जिसमें ग्राफिक हिंसा के जरिए एक खास समुदाय को निशाना बनाया गया है। इसके एक दिन पहले शुक्रवार को राज्य सरकार ने पूर्वोत्तर के लोगों को उनकी सुरक्षा के लिए दोबारा आश्वस्त किया था।
गोवा पुलिस द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, "इस तरह के किसी वीडियो के प्रसार से समाज के एक खास वर्ग की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है और शांतिपूर्ण राज्य में अशांति पैदा हो सकती है।
"केंद्र सरकार ने देश भर के प्रमुख शहरों से पूर्वोत्तर के लोगों के पलायन को देखते हुए 15 दिनों के लिए बड़ी संख्या में एसएमएस और एमएमएस भेजने पर शुक्रवार को प्रतिबंध लगा दिया। पूर्वोत्तर के लोग इस अफवाह के बाद अपने राज्य वापस लौट रहे हैं कि उन्हें निशाना बनाया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों को सतर्क किया है कि वे भ्रामक वीडियो क्लिपिंग्स के झांसे में न आएं और शांति बनाए रखें। पुलिस ने कहा है, "वीडियो का प्रसार शरारतपूर्ण है और इससे साम्प्रदायिक सौहार्द्र बिगड़ सकता है।
"पूर्वोत्तर के लोगों को गोवा में सुरक्षित और घर जैसा महसूस कराने के लिए राज्य सरकार ने शुक्रवार को बयान जारी कर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया था।