लांग बीच (कैलीफोर्निया) : विमान निर्माता कम्पनी बोइंग ने बुधवार को कहा कि भारतीय वायु सेना के लिए पहले हैवी-लिफ्ट सैन्य विमान सी-17 ग्लोबमास्टर-3 की आपूर्ति भारत को जून 2013 तक हो जाएगी।
भारतीय वायु सेना के लिए सी-17 एक महत्वपूर्ण खरीददारी होगी। विमान निर्माता कम्पनी के अधिकारियों ने आईएएनएस से यहां कहा कि 10 विमानों में से पहले का निर्माण दिसम्बर 2012 तक कर लिया जाएगा। जनवरी 2013 तक इसकी प्रायोगिक उड़ान शुरू हो जाएगी। कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारी रॉबर्ट पी. सीस्ला ने कहा, "पहले विमान को जोड़ा जा रहा है। उम्मीद है कि साल के आखिर तक यह बनकर तैयार हो जाएगा। भारतीय कम्पनियों द्वारा तैयार पुर्जो को जोड़ने के बाद इसकी प्रायागिक उड़ान जनवरी 2013 तक शुरू हो जाएगी।" सीस्ला ने लांग बीच में आयोजित पहले भारतीय सी-17 विमान के 'मेजर ज्वाइन' कार्यक्रम से इतर मौके पर संवाददाताओं से यह बात कही। कार्यक्रम में भारतीय दूतावास, भारतीय वायु सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी और अमेरिकी राजनीतिज्ञ मौजूद थे। रक्षा मंत्रालय ने जून 2011 में विदेशी सैन्य बिक्री प्रावधान के तहत 10 सी-17 विमानों को खरीदने के लिए अमेरिकी सरकार के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया था। कम्पनी के अन्य कुछ अधिकारियों ने कहा कि सभी 10 सी-17 विमानों की आपूर्ति भारत को 2014 के आखिर तक हो जाएगी। कम्पनी के कारोबारी विकास अधिकारी पैट्रिक एम. ड्रएज ने कहा, "हम भारतीय वायु सेना को 2014 के आखिर तक 10 विमानों की आपूर्ति कर देना चहते हैं। दूसरे विमान को भी जल्द ही एसेम्बली लाइन में डाल दिया जाएगा। और इसे भी पहले विमान की आपूर्ति के बाद जल्दी ही भारत को आपूर्ति कर दी जाएगी।"
Tags :ग्लोबमास्टर, आपूर्ति , 2013,