
तिरुवनंतपुरम : प्रधानमंत्री मनमोहन सिह, कोच्चि में 12 से 14 सितम्बर तक चलने वाले इमर्जिग केरल सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। केरल सरकार का यह सम्मेलन राज्य को विश्वभर से जोड़ने वाला सबसे बड़ा कार्यक्रम है। सम्मेलन में कई देशी-विदेशी प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेंगे।
केरल सरकार इस सम्मेलन को कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) और नास्कॉम के साथ मिलकर अयोजित कर रही है।इस सम्मेलन के लिए राज्य सरकार की संस्था केएसआईडीसी को नोडल एजेंसी बनाया गया है और यह संस्था सम्मेलन के प्रचार के लिए देश में और देश से बाहर रोड शो करने में जुटी है।
केएसआईडीसी की ओर से सोमवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक इस सम्मेलन में केंद्रीय संस्कृति मंत्री कुमारी शैलजा, वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा, शहरी विकास मंत्री कमलनाथ, स्वास्थ्य मंत्री गुलामनबी आजाद और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विलासराव देशमुख भी शिरकत करेंगे।
सम्मेलन में तमाम विदेशी प्रतिनिधिमंडल भी आएंगे जिसमें चीन के युनान प्रांत के वाणिज्य विभाग के उपमहानिदेशक की अगुआई में आने वाला एक दल भी शामिल है।अरब देशों की लीग के प्रतिनिधिमंडल की उच्चस्तरीय बातचीत और चर्चा करने के लिए सम्मेलन शुरू होने से दो दिन पहले ही यहां पहुंचने की उम्मीद है।
इसके अलावा अमेरिका, इंग्लैंड और सिंगापुर जैसे देशों के प्रतिनिधियों के भी यहां पहुंचने की उम्मीद है।