
इस्लामाबाद : पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर शहर बन्नू में एक पुलिस थाने पर हथियारबंद हमलावरों द्वारा किए गए हमले में कम से कम एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया। हमलावरों ने कई अन्य पुलिसकर्मियों को बंधक भी बना लिया।
घटना सोमवार सुबह की है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने एक टेलीवीजन चैनल के हवाले से बताया है कि हमलावरों ने जैसे ही पुलिस थाने में प्रवेश किया पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। मदद के लिए सेना को भी बुलाया गया है।
हमला सुबह लगभग 9.40 बजे हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अफगानिस्तान की सीमा से लगे आतंकवाद प्रभावित उत्तरी वजीरिस्तान के बन्नू में एक पुलिस थाने पर छह से आठ हथियारबंद बंदूकधारियों ने हमला कर दिया।
भीषण गोलीबारी के बाद कम से कम दो विस्फोट की आवाजें सुनाई दीं।