
नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कम्पनी एयर इंडिया के बर्खास्त पायलटों की फिर से बहाली के लिए एक समिति गठित की जा चुकी है। यह जानकारी शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय को दी गई।
अदालत के आदेश के बाद उप मुख्य श्रमायुक्त एस.के. चांद ने एयर इंडिया प्रबंधन और इसके पायलटों की मैत्रीपूर्ण बैठक पर अपनी रिपोर्ट में यह बात कही।
चांद ने न्यायमूर्ति रेवा क्षेत्रपाल को अपनी रिपोर्ट जमा करते हुए कहा कि समिति बर्खास्त पायलटों के निजी अनुरोध को अलग-अलग मामलों के आधार पर फैसला लेगी।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने नौ जुलाई को एयर इंडिया प्रबंधन और इसके पायलटों के एक वर्ग को निर्देश दिया था कि वह उप मुख्य श्रम आयुक्त के सामने तब तक रोजाना मैत्री वार्ता करें, जब तक कि विवाद हल न हो जाए।
न्यायमूर्ति क्षेत्रपाल ने रिपोर्ट स्वीकार करते हुए मामले को 16 जुलाई के लिए मुल्तवी कर दिया।