
नई दिल्ली : पाकिस्तान में आपात परिस्थितियों में उतरे एयर इंडिया के विमान के 122 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को लेने के लिए वहां भेजा गया विशेष विमान उन्हें लेकर सोमवार शाम दिल्ली लौट आया।
एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-940 रविवार रात 12.15 बजे अबू धाबी से रवाना हुई थी। विमान ने सबसे पहले बहरीन से उड़ान भरी थी। इसे सोमवार सुबह तकनीकी खराबी आ जाने के कारण पाकिस्तान के सिंध प्रांत में नवाबशाह हवाई अड्डे पर उतारा गया था।
पायलटों ने हाइड्रोलिक में खराबी की चेतावनी मिलने के बाद इसे आपात स्थिति में पाकिस्तान में उतारा। विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 5.15 बजे पहुंचना था।
पाकिस्तान में आपात स्थिति में विमान उतारे जाने के बाद से ही विदेश सचिव रंजन मथाई इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग से सम्पर्क बनाए हुए थे। एयर इंडिया ने पाकिस्तान में फंसे यात्रियों को लाने के लिए विशेष विमान भेजने की बात कही थी।