
नई दिल्ली/मुम्बई : एयर इंडिया के एक विमान को सोमवार तड़के पाकिस्तान में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। इस घटना के बाद से विदेश सचिव रंजन मथाई इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग से बराबर सम्पर्क में बने हुए हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा है कि विमान के चालक ने सूचित किया है कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह भारतीय उच्चायोग और विमान चालक के साथ बराबर सम्पर्क में है।
यात्रियों को वापस स्वदेश लाने वाले एक राहत विमान का इंतजार किया जा रहा है।ज्ञात हो कि अबु धाबी से नई दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के एक विमान में कोई तकनीकी खराबी आ जाने के कारण सोमवार तड़के उसे पाकिस्तान में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। विमान में 122 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे।
विमान में सवार सभी व्यक्ति सुरक्षित बताए गए हैं।एयर इंडिया ने कहा है कि विमान में सवार यात्रियों को लाने के लिए एक राहत विमान पाकिस्तान के सिंध प्रांत में स्थित नवाबशाह हवाई अड्डे के लिए भेजा जाएगा।
एयर इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि बहरीन से चली अबु धाबी-नई दिल्ली उड़ान एआई-940 को हाइड्रौलिक में खराबी की चेतावनी मिलने के बाद मजबूरन पाकिस्तान में उतरना पड़ा। विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 5.15 बजे पहुंचना था।