
नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कम्पनी एयर इंडिया के पॉयलटों की हड़ताल शनिवार को 55वें दिन भी जारी रही, जिससे विमानन कम्पनी का घाटा बढ़कर 605 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही भूख हड़ताल पर बैठे कम्पनी के दो और पॉयलटों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
इंडियन पॉयलट्स गिल्ड (आईपीजी) की समिति के सदस्य रोहित कपाही ने आईएएनएस से कहा, "भूख हड़ताल पर बैठे दो और पॉयलटों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले रविवार से वे (पॉयलट) अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।"उन्होंने कहा, "चिकित्सक भूख हड़ताल पर बैठे सभी पॉयलटों के स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं।
"हड़ताली पॉयलट बर्खास्त किए गए अपने 101 साथी पॉयलटों को बहाल किए जाने तथा आईपीजी की मान्यता बहाल करने की मांग कर रहे हैं। विमानन कम्पनी का प्रबंधन हालांकि अपने इस रुख पर कायम है कि पॉयलटों को अपनी हड़ताल समाप्त कर देनी चाहिए और उसके बाद ही अलग-अलग मामलों के आधार पर बर्खास्त पॉयलटों की बहाली की जा सकती है।
जंतर मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे 11 पॉयलटों में से दो को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।विमानन कम्पनी के करीब 440 पॉयलट आठ मई से ही हड़ताल पर हैं। वे विलय से पूर्व वाली विमानन कम्पनी इंडियन एयरलाइंस से सम्बंधित पॉयलटों को बोइंग-787 ड्रीमलाइनर पर प्रशिक्षण दिए जाने का विरोध कर रहे हैं।