
चेन्नई : सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कम्पनी एयर इंडिया की एक सहायक इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस ने चेन्नई-तिरुचिरापल्ली (त्रिचि) मार्ग पर किराए में काफी कमी की है। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। एयर इंडिया के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "घटा हुआ किराया गुरुवार से लागू हो गया।
अब चेन्नई से त्रिचि का किराया 1,199 रुपये और त्रिचि से चेन्नई का किराया 1,325 रुपये है। भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण द्वारा लगाए जाने वाले हवाईअड्डा विकास शुल्क के कारण त्रिचि से चेन्नई का किराया अधिक है।
"उन्होंने कहा कि पहले इस मार्ग पर किराया 5,000 रुपये था और प्रतियोगी विमानन कम्पनियां 4,000 रुपये किराये के रूप में ले रही थीं।अधिकारी ने कहा, "एयर इंडिया एक्सप्रेस चेन्नई-त्रिचि मार्ग पर सप्ताह में नौ उड़ानें संचालित करती हैं। यह मौसम कम यात्रियों वाला है, इसलिए किराया घटाया गया है।