
नई दिल्ली, : पश्चिम बंगाल से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ कांगेस नेता प्रणब मुखर्जी ने 19 जुलाई को होने वाला राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए मंगलवार को केंद्रीय वित्त मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। देश के सर्वोच्च पद के लिए होने जा रहे इस चुनाव में वह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के उम्मीदवार हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपना इस्तीफा सौंपने से पहले अपने नॉर्थ ब्लॉक कार्यालय के बाहर मुखर्जी ने संवाददाताओं से कहा, "आज, मैं एक नई यात्रा शुरू करने को तैयार हूं..मैं एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में चार दशक लम्बे अपने जीवन को पीछे छोड़ रहा हूं।
"उन्होंने कहा कि संप्रग के साझेदारों के अलावा उन्हें समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और जनता दल (युनाइटेड) सहित कई क्षेत्रीय दलों का समर्थन प्राप्त है। मुखर्जी ने कहा, "समर्थनों के आगे मैं नतमस्तक हूं।
"उन्होंने कहा, "मैं जानता हूं कि मेरे द्वारा लिया गया प्रत्येक निर्णय सही नहीं रहा, लेकिन मैंने जो भी निर्णय लिया, वह जनता के हितों को ध्यान में रखकर लिया।"संभावना है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह वित्त मंत्रालय का कार्यभार फिलहाल अपने पास ही रखेंगे।