
नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कम्पनी एयर इंडिया के हड़ताली पायलटों ने सोमवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मांग की कि विमानन कम्पनी के प्रबंधन के साथ उनके गतिरोध में वह हस्तक्षेप करें।
इंडियन पायलट गिल्ड ने एक बयान में कहा, "हम प्रधानमंत्री और सरकार से अनु़रोध करते हैं कि वे वर्तमान दौर को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए हस्तक्षेप करें।"बयान में कहा गया, "मामूली श्रमिक समस्या का समाधान करने में प्रबंधन की नाकामी एयर इंडिया के औद्योगिक सम्बंध विभाग की आयोग्यता का प्रमाण है।
"केंद्रीय नागरिक मंत्री अजित सिंह ने हालांकि कहा कि पायलटों का बिना शर्त काम पर लौटना होगा।सिंह ने सोमवार को कहा, "उन्हें बिना शर्त काम पर वापस आना है। उन्होंने हड़ताल की सूचना नहीं दी। उच्च न्यायालय ने उनकी हड़ताल को अवैध कहा है। मुझे यह भी नहीं पता कि मुद्दा क्या है। वे खुद भी नहीं जानते। हम क्या कर सकते हैं।
"हड़ताली पायलटों ने यहां जंतर मंतर पर रविवार से अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल शुरू कर दिया है। वे 101 बर्खास्त पायलटों की फिर से बहाली की मांग कर रहे हैं।करीब 440 पायलट आठ मई से सामूहिक अवकाश पर चले गए। वे विलय से पहले वाली विमानन कम्पनी इंडियन एयरलाइंस के पायलटों को बोइंग-787 ड्रीमलाइनर पर प्रशिक्षण दिए जाने का विरोध कर रहे हैं।