
अगरतला : संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार एवं केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार को फोन किया और वाम दलों का समर्थन मांगा। यह जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी। सरकार मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो के सदस्य हैं।
जनजाति समर्थित एक क्षेत्रीय पार्टी और कांग्रेस की सहयोगी, इंडीजीनस नेशनलिस्ट पार्टी ऑफ त्रिपुरा (आईएनपीटी) ने शनिवार को राष्ट्रपति पद के लिए मुखर्जी का समर्थन किया।मुख्यमंत्री सचिवालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "मुखर्जी ने सरकार को शुक्रवार को फोन किया और अपनी उम्मीदवारी के लिए वाम दलों का समर्थन मांगा।
सरकार ने मुखर्जी से कहा कि माकपा नेतृत्व अगले सप्ताह एक बैठक में इस बारे में कोई निर्णय लेगा, और उसके बारे में उन्हें सूचित कर दिया जाएगा।"माकपा के एक नेता ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस से कहा कि पार्टी के 49 विधायक और त्रिपुरा से पार्टी के तीन सांसद मुखर्जी के पक्ष में हैं। माकपा नेता ने कहा, "लेकिन हमारे पोलित ब्यूरो के सदस्य एक-दो दिन में कोई अंतिम निर्णय लेंगे।
"मुखर्जी ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) द्वारा राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के तत्काल बाद सरकार को फोन किया।कांग्रेस की चुनावी सहयोगी आईएनपीटी ने भी राष्ट्रपति चुनाव में मुखर्जी को उम्मीदवार बनाए जाने का स्वागत किया है। आईएनपीटी का त्रिपुरा विधानसभा में एक विधायक है।
आईएनपीटी के अध्यक्ष और पार्टी के एकमात्र विधायक बिजॉय कुमार हरंगखाल ने आईएएनएस से कहा, "हम अपना वोट मुखर्जी को देंगे।"त्रिपुरा कांग्रेस नेतृत्व ने भी मुखर्जी की उम्मीदवारी पर खुशी जाहिर की है। राज्य के विपक्षी नेता रतन लाल नाथ ने आईएएनएस से कहा, "प्रणब दा न केवल देश के मजबूत, अनुभवी और मेधावी नेता हैं, बल्कि वह त्रिपुरा कांग्रेस नेतृत्व के अभिभावक और घनिष्ठ शुभचिंतक भी हैं।