
रांची : झारखण्ड में हटिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है।इस विधानसभा के कुल 425 मतदान केंद्रों में से 319 को संवेदनशील या अति संवेदनशील घोषित किया गया है।
शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए राज्य पुलिस व अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम तीन घंटे में सुबह 11 बजे तक 18 से 20 प्रतिशत मतदान हुआ। इस विधानसभा क्षेत्र में 4,02,181 मतदाता हैं, जो 29 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, झारखण्ड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) और ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के बीच कड़ा मुकाबला है। भाजपा व आजसू झारखण्ड के सत्तारूढ़ गठबंधन में भागीदार हैं।वर्ष 2010 में कांग्रेस विधायक गोपाल नाथ सहदेव के निधन के बाद हटिया सीट रिक्त हो गई थी।