
काबुल : अफगानिस्तान के कंधार में मोटरसाइकिल सवार हमलावर द्वारा किए गए आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 21 लोग मारे गए और 20 से अधिक लोग घायल हुए।
तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। अधिकारियों ने बताया यह हमला बुधवार को तालिबान के कभी गढ़ रहे कंधार के बाजार में हुआ जहां हजारों लोग रोजमर्रा की चीजें खरीद रहे थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कंधार के पुलिस प्रमुख अब्दुल रजाक के हवाले से बताया, "आज सुबह कंधार हवाई अड्डे की तरफ जाने वाली सड़क पर मोटरसाइकिल सवार आत्मघाती हमलावर ने घटना को अंजाम दिया, जिसमें 21 लोग मारे गए और 22 अन्य घायल हुए।
हताहतों में सभी नागरिक हैं।" उन्होंने बताया कि घटना में हमलावर भी मारा गया।एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहमतुल्लाह अतरफई ने कहा कि दो विस्फोटों में निजी सुरक्षा एजेंसी के आठ सुरक्षाकर्मियों सहित 21 लोग मारे गए। उन्होंने कहा कि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
तालिबान के प्रवक्ता कारी यूसुफ अहमदी ने टेलीफोन के माध्यम से मीडिया को भेजे संदेश में इस हमले की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि इस हमले में आठ विदेशी सैनिक भी मारे गए हैं। लेकिन पुलिस ने इसका खंडन किया है।