
नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कम्पनी एयर इंडिया ने मंगलवार को कहा कि इसके घरेलू मार्गो पर यात्रियों की संख्या में मई माह में वृद्धि दर्ज की गई। इस माह विमानन कम्पनी के घरेलू मार्गो पर औसत 82 फीसदी सीटें भरी (लोड फैक्टर), जबकि अप्रैल में औसत 78 फीसदी सीटें भर पाई थीं।
विमानन कम्पनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "हमारा घरेलू लोड फैक्टर अप्रैल में दर्ज 78 फीसदी से बढ़कर मई में 82 फीसदी दर्ज किया गया। प्रमुख मार्गो पर बेहतर समयबद्धता का प्रदर्शन करने के कारण ऐसा हो पाया।"
उल्लेखनीय है कि कम्पनी को घरेलू मार्गो पर यह सफलता तब मिली है, जब मई माह में ही पायलटों की हड़ताल ने इसके अंतर्राष्ट्रीय संचालन को बुरी तरह प्रभावित किया। विमानन कम्पनी के विलय से पहले वाले एयर इंडिया से सम्बंधित पायलट 29 दिनों से हड़ताल पर हैं।
वे विलय से पहले वाली विमानन कम्पनी इंडियन एयरलाइंस से सम्बंधित पायलटों को बोइंग 787 ड्रीमलाइनर जेट विमान का प्रशिक्षण दिए जाने का विरोध कर रहे हैं। जल्द ही ये विमान कम्पनी की सेवा में लगाए जाने वाले हैं। अधिकारी ने हालांकि कहा कि इसकी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की कई घरेलू फीडर उड़ानें आलोच्य माह में बुरी तरह प्रभावित रहीं।