नई दिल्ली : सेना प्रमुख जनरल वी.के. सिंह ने शनिवार को उन बातों से इंकार किया कि वह अपने पीछे एक 'विभाजित' सेना छोड़कर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सेना प्रमुख ने हालांकि, कहा कि किसी अन्य संगठन की तरह 13 लाख की संख्या वाली मजबूत सेना में कुछ असंतुष्ट लोग भी हो सकते हैं। समाचार चैनल 'एनडीटीवी' को दिए साक्षात्कार में यह पूछे जाने पर कि क्या वह अपने पीछे गुटों में बंटी सेना छोड़कर जा रहे हैं, सेना प्रमुख ने कहा, "मैं, वास्तव में इस बारे में नहीं जानता। जब भी मैं कहीं जाता हूं, मैं अपने लोगों से बात करता हूं लेकिन मैं कोई गुटबाजी और दरार नहीं पाता।" आगामी 31 मई को जनरल के पद से सेवानिवृत्त होने वाले सेना प्रमुख ने कहा, "इस तरह की चीजें गढ़ने के लिए लोग अपनी कल्पना का इस्तेमाल करते हैं और इसके बाद चीजों को सामने रख देते हैं।" सिंह ने कहा, "सेना के ज्यादातर लोग इस तरीके से नहीं सोचते। 13 लाख की संख्या वाली मजबूत सेना में कुछ असंतुष्ट लोग हो सकते हैं। किसी अन्य संगठन की तरह आप के पास भी कुछ लोग होंगे जो असंतुष्ट होंगे और ऐसे लोग पलटवार करते हैं।" रक्षा तैयारियों में खामियां बताते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लिखे गए अपने गोपनीय पत्र के सार्वजनिक होने पर सिंह ने कहा उन्हें नहीं पता कि पत्र किसने सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा, "मैं वास्तव में नहीं जानता कि पत्र किसने सार्वजनिक किया। मुझे और मेरी सेना को पूरा भरोसा है कि पत्र सेना की ओर से सार्वजनिक नहीं हुआ।"
Tags :सेना, प्रमुख , किया ,इंकार, संख्या, वाली,