
भुवनेश्वर : नक्सली नेता सब्यसाची पांडा ने लगभग दो माह पूर्व इतालवी नागरिकों को छोड़ने के बदले किए गए वादे को अभी तक पूरा न किए जाने पर ओडिशा सरकार को परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के राज्य संगठन सचिव पांडा ने स्थानीय टीवी चैनलों पर रविवार देर रात प्रसारित ऑडियो संदेश में कहा कि सरकार ने कई कैदियों को रिहा करने का वादा किया था।इसके अलावा नक्सलियों के खिलाफ अभियान रोकने एवं आदिवासी इलाकों में पर्यटन को प्रतिबंधित करने का वादा किया गया था।
पांडा ने सरकार पर वादा पूरा न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पत्नी सुभाश्री को छोड़ा जरूर गया लेकिन उसके खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया है, जबकि आरती माझी अभी भी जेल में हैं।
नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों के अभियान से उग्र पांडा ने कहा कि इतालवी नागरिकों के अपहरण के बाद हुए संघर्षविराम की घोषणा के बाद से उनके सैनिक हिंसा से दूर हैं।
नक्सली नेता ने अभियान जारी रहने पर व्यापक स्तर पर हमले की धमकी भी दी। नक्सलियों ने 14 मार्च को कंधमाल इलाके से बोसुस्को पाउलो व क्लोडियो कोलांजेलो का अपहरण कर लिया था।