
चेन्नई : तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने कावेरी जल बंटवारे से जुड़े मसलों पर फैसला करने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से कावेरी नदी प्राधिकरण की बैठक शीघ्र बुलाने की अपील की है। कावेरी नदी जल बंटवारे को लेकर तमिलनाडु एवं कर्नाटक के बीच विवाद है।
जयललिता द्वारा प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र को शनिवार को मीडिया को उपलब्ध कराया गया। पत्र के मुताबिक जयललिता ने कहा, "कावेरी नदी प्राधिकरण की पिछली बैठक 10 फरवरी 2003 को हुई थी और इसकी बैठक लम्बे समय से वांछित है।" जयललिता ने शुक्रवार को मनमोहन सिंह को पत्र लिखा था।
पत्र के मुताबिक जयललिता ने कहा कि कर्नाटक सरकार जून से सितम्बर महीने के दौरान कावेरी नदी में जल प्रवाह को सुनिश्चित नहीं करा रही है जैसा कि अंतरिम आदेश में मासिक व्यवस्था निर्धारित की गई है अथवा जैसा कि कावेरी जल विवाद न्यायाधिकण के अंतिम फैसले में दिया गया है।
जयललिता ने कहा कि कर्नाटक की सरकार अपने चार महत्वपूर्ण जलाशयों में पानी की कमी बताकर फरवरी से मई तक अनुचित तरीके से नदी जल का उपयोग करती आई है।