
जम्मू : जम्मू एवं कश्मीर सहकारी आवास निगम में करोड़ों रुपये के कथित घोटाले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने यहां विरोध प्रदर्शन किया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुनीष शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने दोषी मंत्रियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारी हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखे हुए झंडे और तख्तियां लिए हुए थे। उन्होंने कहा कि किसी को बख्शा नहीं जाना चाहिए चाहे वह कितना भी ऊंचा अधिकारी क्यों न हो।राज्य जवाबदेही आयोग ने तथाकथित घोटाले में संलिप्तता के लिए शुक्रवार को कांग्रेस नेता और सहकारिता मंत्री मनोहर लाल शर्मा, सहकारिता आयुक्त अब्दुल हमीद वानी और सहकारिता पंजीयक मोहम्मद अब्बास को नोटिस जारी किया।
कश्मीर के फारूक अहमद डार और जम्मू के सुनील शर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक एक जांच से पता चला कि निगम के पूर्व प्रबंध निदेशक ब्रिज मोहन और वर्तमान प्रबंध निदेशक भारत भूषण ने 5,000 करोड़ रुपये का गबन किया है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि दोनों अधिकारियों ने सहायक सहकारिता पंजीयक शाफी डार के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की अनियमितता की थी, लेकिन मंत्री और अधिकारी ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।आरोप लगाया गया था कि जम्मू सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक लिमिटेड के सेवानिवृत्त प्रबंध निदेशक अरुण बक्शी अभी भी बैंक के काम-काज में हस्तक्षेप करते हैं।