
कोपेनहेगेन : डेनमार्क की किफायती एयरलाइन सिम्बर स्टर्लिग ने लगभग 140 लाख डॉलर के नुकसान के बाद गुरुवार को स्वयं को दिवालिया घोषित करने के लिए अर्जी दायर की है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कोपेनहेगेन स्टॉक एक्सचेंज के बयान के हवाले से बताया,
"सिम्बर स्टर्लिग के मालिक भविष्य में कम्पनी को वित्तीय सहायता देने के इच्छुक नहीं हैं। इसीलिए कम्पनी का निदेशक मंडल दिवालिया घोषित होने के लिए नोटिस दाखिल करने का निर्णय लिया है।
"देश के प्रमुख व्यावसायिक समाचार पत्र बोयर्सन ने बताया कि एयरलाइन के ताजा आंकड़ों के अनुसार इसे लगभग 140 लाख डॉलर का संचालनगत नुकसान हुआ है।
कम्पनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जन पाल्मर ने कहा कि एयरलाइन ने मुनाफा कमाने की कोशिश की लेकिन यह सम्भव नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 600 कर्मचारियों के बेरोजगार होने की सम्भावना है।इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।